Chandauli News: चक्रवाती तूफान से फसल क्षति का डीएम ने लिया जायजा, गांव-गांव सर्वे कराकर मिलेगा मुआवजा.
“चंदौली में चक्रवाती तूफान और तेज हवाओं के चलते हुए नुकसान का जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को गांव-गांव सर्वे कर फसल, मकान और अन्य नुकसान का आकलन करने तथा पात्र प्रभावितों को शीघ्र मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए हैं।”
chandauli
7:17 PM, Oct 30, 2026
Share:


चक्रवात के कारण बर्बाद हुई धान की फसल को देखते जिलाधिकारी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। चक्रवाती तूफान के चलते जिले में तेज हवाओं और बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जमीनी स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तथा क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए। डीएम ने उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और लेखपालों को अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में गांव-गांव जाकर नुकसान की वास्तविक स्थिति का सर्वे करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सर्वे में किसी भी पात्र प्रभावित व्यक्ति का नाम छूटना नहीं चाहिए और किसी को भी सरकारी सहायता से वंचित नहीं रखा जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को फसल, मकान और अन्य परिसंपत्तियों को हुए नुकसान का सटीक आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नुकसान का अंतिम आकलन तैयार होते ही शासन की ओर से निर्धारित राहत और मुआवजा राशि प्रभावितों के बैंक खातों में शीघ्र हस्तांतरित की जाए। चक्रवात को देखते हुए प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों को अलर्ट पर रखा गया है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन आपदा की इस स्थिति में उनके साथ खड़ा है और नियमानुसार जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
विज्ञापन
डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि चक्रवाती तूफान के कारण 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश हो रही है। उनके द्वारा किए गए फील्ड निरीक्षण में कुछ स्थानों पर फसल क्षति देखने को मिली है। उन्होंने बताया कि सभी एसडीएम, तहसीलदार और लेखपालों को गांव-गांव भ्रमण कर नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल प्रशासन को केवल फसल क्षति की सूचना मिली है, जबकि मकान या पशुहानि की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सभी टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही हैं, ताकि नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को उचित मुआवजा दिलाया जा सके।



