Chandauli News: चक्रवाती मौसम को लेकर अलर्ट, कलेक्ट्रेट में 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम; जारी हुए हेल्पलाइन नंबर.
“बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र को देखते हुए चंदौली जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर कलेक्ट्रेट में 24 घंटे आपदा कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है। आपात स्थिति में नागरिक 1077 और 262100 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।”
chandauli
9:25 PM, Oct 29, 2026
Share:


डीएम चंदौली, चंद्र मोहन गर्ग
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र और उसके संभावित प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद में अलर्ट जारी किया है। आपदा से निपटने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित आपदा कक्ष में 24 घंटे सातों दिन सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने कंट्रोल रूम में अलग-अलग पारियों में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए जिले में सतर्कता बढ़ाई गई है। तेज हवाओं, जलभराव और अन्य संभावित आपदाओं से निपटने के लिए प्रशासन तैयार है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी दुर्घटना, जलभराव या राहत एवं बचाव कार्य से संबंधित सहायता की आवश्यकता होने पर आपदा कंट्रोल रूम के टोल-फ्री नंबर 1077 और 262100 पर संपर्क करें। कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
जिलाधिकारी ने सिंचाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पुलिस और स्थानीय निकायों सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने मुख्यालयों पर अलर्ट रहने तथा राहत सामग्री और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनपदवासियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, धैर्य बनाए रखने और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों से बचने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार, मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



