Chandauli News : अलीनगर पुलिस ने इनोवा से 600 किलो से अधिक संदिग्ध गोमांस पकड़ा, एक गिरफ्तार.
“चंदौली में एनएच-19 पर सिंधीताली पुल के पास अलीनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान इनोवा कार से 600.5 किलोग्राम संदिग्ध मांस और दो चापड़ बरामद किए। मौके से बिहार निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य फरार हो गए।”
chandauli
1:50 AM, Oct 19, 2026
Share:


अलीनगर पुलिस कि गिरफ्त में आरोपी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : - संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। अलीनगर पुलिस ने 17 अक्टूबर को सिंधीताली पुल के पास चेकिंग के दौरान इनोवा कार से 600.5 किलोग्राम संदिग्ध गोमांस और दो चापड़ बरामद किए। पुलिस के अनुसार, वाहन को रोकने का प्रयास करने पर चालक ने पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन कार डिवाइडर से टकराकर रुक गई। इस दौरान चालक और पीछे बैठा एक व्यक्ति फरार हो गया, जबकि चालक के बगल में बैठे फैयाज कुरैशी (45), निवासी बेलौड़ी पंचायत, मोहनिया, जिला कैमूर, बिहार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने पशु चिकित्साधिकारी को बुलाकर मांस की जांच कराई। प्रारंभिक परीक्षण में इसे गोमांस बताया गया है, जबकि नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे। सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बिहार से मांस लाकर वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में आपूर्ति करने की बात बताई। पुलिस ने मामले में गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
विज्ञापन
सीओ ने बताया कि फरार आरोपियों में एक की पहचान मुगलसराय थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है, जबकि दूसरे के वाराणसी से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उनके साथ कथित आपूर्ति नेटवर्क की भी जांच कर रही है।




