Chandauli News: मानक के विपरीत खनन का आरोप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, जांच की मांग.
"सकलडीहा एसडीएम कुंदन राज कपूर ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।"
chandauli
10:49 PM, Jun 18, 2026
Share:


मानक के विपरीत रात में होता खनन
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के सलेमपुर और बियरा गांव में ग्रामीणों ने खनन कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि निर्धारित मानकों के विपरीत मिट्टी की गहरी खुदाई की जा रही है, जिससे राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ ही गंगा किनारे बसे गांवों के अस्तित्व पर भी खतरा उत्पन्न हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार खनन विभाग द्वारा जारी अनुमति के तहत सीमित दायरे में खुदाई की जानी थी, लेकिन मौके पर 15 से 20 फीट तक मिट्टी निकाले जाने का आरोप है। उनका कहना है कि सलेमपुर और बियरा गांव में स्वीकृत गाटा संख्या 62 एवं 229 पर खनन की अनुमति दी गई थी, जिसकी वैधता 30 सितंबर 2026 तक है। इसके बावजूद निर्धारित मानकों की अनदेखी कर बड़े पैमाने पर खुदाई की जा रही है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि अनुमति निर्धारित शर्तों के साथ दी गई है तो संबंधित विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण और निगरानी क्यों नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि गंगा तट के समीप अत्यधिक खुदाई से कटान का खतरा बढ़ सकता है।
विज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान संजय यादव, इंद्रपाल यादव, विजय यादव, भैयालाल, श्रवण यादव, गुड्डू, प्रिंस यादव और विनय यादव सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में एसडीएम कुंदन राज कपूर ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
