Chandauli News: पेट्रोल पंप पर तेल चोरी का आरोप, गाड़ी रास्ते में हुई बंद, ग्राहक ने की जांच की मांग.
“पीडीडीयू नगर के चकिया तिराहे स्थित भारत पेट्रोल पंप पर ग्राहक ने तेल चोरी का आरोप लगाया है। वीरेंद्र प्रताप यादव का कहना है कि सुबह तेल भरवाने के बाद कुछ दूरी पर उनकी गाड़ी बंद हो गई और टंकी की जांच कराने पर तेल नहीं मिला।”
chandauli
6:04 PM, Sep 7, 2026
Share:


पेट्रोल पंप पर तेल चोरी के आरोप को लेकर शिकायत करते ग्राहक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के चकिया तिराहे के पास स्थित भारत पेट्रोल पंप पर तेल चोरी को लेकर विवाद सामने आया है। कैलाशपुरी जाने के दौरान गाड़ी बंद होने के बाद वीरेंद्र प्रताप यादव ने पेट्रोल पंप पर पहुंचकर कर्मचारियों से शिकायत की। उनका आरोप है कि पेट्रोल भरवाने के बावजूद गाड़ी की टंकी में तेल नहीं मिला।
वीरेंद्र प्रताप यादव के मुताबिक, वह रविवार सुबह करीब 8:30 बजे पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे और अपनी गाड़ी में तेल भरवाया था। इसके बाद वह कैलाशपुरी चले गए। वहां से लौटते समय रास्ते में अचानक गाड़ी बंद हो गई। जांच करने पर टंकी में तेल नहीं होने की बात सामने आई, जिसके बाद वह वापस पेट्रोल पंप पहुंचे और कर्मचारियों से शिकायत की। पीड़ित का कहना है कि पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने पहले तेल डालने की बात कही। इसके बाद पाइप लगाकर टंकी की जांच की गई, लेकिन पाइप निकालने पर उसमें तेल नहीं मिला। वीरेंद्र का आरोप है कि पेट्रोल पंप पर तेल भरने में गड़बड़ी की गई, जिसकी जांच होनी चाहिए।
विज्ञापन
वहीं, अंकित यादव ने आरोप लगाया कि उक्त पेट्रोल पंप को लेकर पहले भी उन्हें तेल कम देने की कई शिकायतें मिल चुकी हैं। उनका दावा है कि क्षेत्र के लोगों ने कई बार कम तेल दिए जाने की शिकायत की है। अंकित के अनुसार, मामले को लेकर विरोध जताने के बाद पेट्रोल पंप की ओर से दोबारा तेल दिया गया। हालांकि, पेट्रोल पंप संचालक या कर्मचारियों की ओर से लगाए गए आरोपों पर उनका पक्ष सामने नहीं आया है। ऐसे में तेल चोरी या कम तेल देने के आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पीड़ित पक्ष ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।



