Chandauli News: चहनिया में सुबह से देशी शराब बिक्री का आरोप, नशेड़ियों से महिलाएं और छात्राएं परेशान.
“चहनिया कस्बे के ब्लाक रोड स्थित देशी शराब की दुकान पर सुबह से शराब बिक्री का आरोप लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशेड़ियों के कारण महिलाओं और स्कूल जाने वाली छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।”
chandauli
9:24 PM, Sep 11, 2026
Share:


चहनिया ब्लाक रोड स्थित देशी शराब की दुकान पर शराब बेचता सेल्समैन
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : मनोज यादव, चहनिया, चंदौली.
चंदौली। चहनिया कस्बे के ब्लाक रोड स्थित देशी शराब की दुकान पर सुबह करीब सात बजे से ही शराब की बिक्री शुरू होने का आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया है। लोगों का कहना है कि सुबह से ही नशे की हालत में पहुंचने वाले लोग आने-जाने वाली महिलाओं और स्कूल जाने वाली छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार करते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह देशी शराब की दुकान का दरवाजा खोलकर सेल्समैन पहले शराब निकालता है और इसके बाद दरवाजा बंद कर चोरी-छिपे शराब की बिक्री की जाती है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोगों का आरोप है कि पुलिस की नजरअंदाजी के कारण सुबह से ही महंगे दामों पर शराब की बिक्री शुरू हो जाती है। शराब पीने के बाद नशे में धुत लोग राहगीरों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं, जिससे स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। कुछ लोगों ने पुलिस की मिलीभगत का भी आरोप लगाया है।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस मार्ग पर शराब की दुकान स्थित है, वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ब्लाक मुख्यालय, आंगनबाड़ी कार्यालय, पशु चिकित्सालय, जल निगम की टंकी, मेडिकल स्टोर, बैंक, कपड़ा व किराना की दुकानें, घर और मंदिर भी हैं। ऐसे में नशेड़ियों के जमावड़े के कारण महिलाओं का इस रास्ते से गुजरना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए शराब की दुकान पर कथित अनियमित बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या पर अंकुश नहीं लगाया गया तो महिलाएं और ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।



