Chandauli News: सकलडीहा में कथित अवैध धर्मांतरण गिरोह का भंडाफोड़, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर के 6 आरोपी गिरफ्तार.
"सकलडीहा के क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने इटवा गांव में कार्रवाई की, जहां एक मकान में प्रार्थना सभा चल रही थी। छह लोगों को हिरासत में लिया गया है और बरामद सामग्री के आधार पर थाना सकलडीहा में मुकदमा दर्ज किया गया है।"
chandauli
7:55 PM, Jul 9, 2026
Share:


सकलडीहा कोतवाली में मामले का खुलासा करते सीओ सकलडीहा
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा, चंदौली.
चंदौली। सकलडीहा थाना पुलिस ने कथित अवैध धर्मांतरण कराने के आरोप में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम इटवा स्थित एक मकान में प्रार्थना सभा की आड़ में लोगों को कथित रूप से प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को हिरासत में लेकर धार्मिक साहित्य, प्रचार सामग्री, माइक, होम थिएटर, वाहन और अन्य सामान बरामद किया। सभी आरोपियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में धीरज सिंह (गाजीपुर), राजेश मौर्य, कमलेश कुमार और अजीत कुमार (चंदौली) तथा गुड्डू और दिनेश कुमार पटेल (वाराणसी) शामिल हैं। मौके से सात बाइबिल, 200 धार्मिक पंपलेट, 50 धार्मिक पुस्तिकाएं, एक होम थिएटर, दो माइक, एक मारुति सुजुकी जेन कार और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पूछताछ में आरोपियों पर सामूहिक प्रार्थना सभा आयोजित कर धार्मिक प्रचार-प्रसार करने तथा लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आरोप है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
विज्ञापन
सकलडीहा के क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने इटवा गांव में कार्रवाई की, जहां एक मकान में प्रार्थना सभा चल रही थी। छह लोगों को हिरासत में लिया गया है और बरामद सामग्री के आधार पर थाना सकलडीहा में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक व्यक्ति के विरुद्ध पूर्व में भी धर्मांतरण से संबंधित मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिसकी गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
