Chandauli News: मीट की दुकान की मड़ई में लगाई आग, पीड़ित दुकानदार ने अज्ञात लोगों पर जताया शक.
“बलुआ थाना क्षेत्र के मिश्रपुरा पुल के पास सोमवार रात बांस-पुआल से बनी मड़ई में आग लगने से दुकान जलकर राख हो गई। पीड़ित दुकानदार ने अज्ञात अराजक तत्वों पर आग लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।”
chandauli
12:44 PM, Sep 23, 2026
Share:


जली हुई मड़ई दिखाता पीड़ित दुकानदार
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के इटवां गांव निवासी मुनीर अंसारी की मिश्रपुरा पुल के पास स्थित मीट की दुकान की मड़ई में सोमवार रात अज्ञात अराजक तत्वों ने आग लगा दी। बांस और पुआल से बनी मड़ई देखते ही देखते धू-धूकर जलने लगी। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भीड़ जुट गई।
मुनीर अंसारी पुत्र सदीक अंसारी ने परिवार की रोजी-रोटी चलाने के लिए मिश्रपुरा पुल के पास मड़ई डालकर मीट की दुकान शुरू की थी। उनका आरोप है कि दुकान शुरू होने के कुछ दिनों बाद से ही कुछ शरारती तत्व उन्हें परेशान कर रहे थे। कभी मड़ई की पटिया तोड़ दी जाती थी तो कभी आग लगाने का प्रयास किया जाता था। सोमवार रात एक बार फिर मड़ई में आग लगा दी गई, जिससे पूरी दुकान जलकर राख हो गई। आग की सूचना आसपास के लोगों ने मुनीर को दी। मौके पर पहुंचे मुनीर अपनी दुकान को जलता देखकर भावुक हो गए और तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेते हुए जांच शुरू की। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आग लगाने वाले अज्ञात लोगों का पता लगाने और कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
मुनीर अंसारी ने कहा कि वह गरीब परिवार से हैं और छोटी सी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बार-बार दुकान को नुकसान पहुंचाया जा रहा था और अब मड़ई में आग लगा दी गई। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।



