Chandauli News: उपले लेने गई वृद्धा को सांप ने डंसा, जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत.
“चंदौली के शहाबगंज थाना क्षेत्र के अमांव गांव में सोमवार सुबह उपले लेने गई करीब 60 वर्षीय वृद्धा को जहरीले सांप ने डंक मार दिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।”
chandauli
10:33 PM, Aug 31, 2026
Share:


रामवती देवी की फ़ाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: रतीश कुमार, शहाबगंज, चंदौली.
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के अमांव गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब घर में रखे उपले लेने गई करीब 60 वर्षीय रामवंती देवी को जहरीले सांप ने डंक मार दिया। सर्पदंश के बाद हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल चंदौली लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अमांव गांव निवासी टेंगरी चौहान की पत्नी रामवंती देवी सोमवार सुबह दूध गर्म करने के लिए घर में रखे उपले लेने गई थीं। बताया गया कि उपलों के बीच छिपे सांप ने अचानक उन्हें डंक मार दिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।अस्पताल में चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान रामवंती देवी ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए पहुंच गए।
विज्ञापन
घटना की सूचना ग्रामीणों ने शहाबगंज थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले गए।
