Chandauli News: अयोध्या चढ़ावा विवाद पर बोले अनिल राजभर, 15 दिन में SIT रिपोर्ट से सामने आएगी सच्चाई.
"कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा, अयोध्या चढ़ावा विवाद की जांच पर पूरे प्रदेश की नजर है और आने वाले दिनों में रिपोर्ट के बाद राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है।"
chandauli
6:39 PM, Jun 21, 2026
Share:


महिंद्रा टेक्निकल इंटर कॉलेज के ग्राउंड में योग करते कैबिनेट मंत्री, राज्यसभा सांसद, डीएम, पुलिस अधीक्षक समेत अन्य लोग
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद और एसआईटी जांच को लेकर बड़ा बयान दिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गठित एसआईटी 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट देगी और उसके बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।
योग कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद साधना सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद "दूध का दूध और पानी का पानी" हो जाएगा तथा यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कानून के दायरे में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विपक्षी दलों की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार किसी के दबाव में काम नहीं करती और अपने तरीके से निर्णय लेती है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि कुछ लोग बिना जांच पूरी हुए राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि सरकार तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने में विश्वास रखती है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बौखलाहट में दिए जा रहे बयानों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है और जनता जल्द ही सच्चाई जान जाएगी। मंत्री ने कहा कि देश में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करना चाहते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जुड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक सभी को धैर्य रखना चाहिए और एसआईटी की रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए।
