Chandauli News: दीपावली की रात तेज रफ्तार ऑटो ने बुझाया घर का चिराग, 19 वर्षीय अनुराग की गई जान.
“चंदौली के सैदूपुर बाजार में दीपावली की रात तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से 19 वर्षीय अनुराग केशरी गंभीर रूप से घायल हो गया। वाराणसी ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने चालक को ऑटो समेत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।”
chandauli
5:17 PM, Nov 9, 2026
Share:


सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अनुराग केशरी की फाइल फोटो।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : गोविंद कुमार, चकिया, चंदौली.
चंदौली। दीपावली की रात जिस घर में खुशियों के दीप जल रहे थे, वहां कुछ ही देर में मातम छा गया। चकिया कोतवाली क्षेत्र के सैदूपुर बाजार में गुरुवार रात करीब 10:30 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से 19 वर्षीय अनुराग केशरी गंभीर रूप से घायल हो गया। वाराणसी ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान उसकी जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे बाजार में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, महेंद्र केशरी का सबसे छोटा पुत्र अनुराग दीपावली पर अपनी किराना दुकान के बाहर खड़े होकर पटाखे छोड़ रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर उसे टक्कर मारते हुए निकल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक नशे की हालत में बताया जा रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनुराग सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद चालक ऑटो लेकर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे ऑटो समेत पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।परिजन आनन-फानन में घायल अनुराग को जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, उपचार के दौरान अनुराग ने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-बाप और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
विज्ञापन
अनुराग तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाइयों के नाम रोहित केशरी और मोहित केशरी हैं। वह बीए की पढ़ाई करने के साथ ही पिता के पैतृक किराना व्यवसाय में भी हाथ बंटाता था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। उसकी असमय मौत से परिवार के साथ-साथ बाजार के लोग भी स्तब्ध हैं। घटना की सूचना पर चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ऑटो और चालक को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दीपावली की रात हुए इस हादसे ने सैदूपुर बाजार की खुशियों को मातम में बदल दिया।


