Chandauli News: ANTF और अलीनगर पुलिस ने तीन करोड़ की हेरोइन के साथ युवक को किया गिरफ्तार,
“एएनटीएफ वाराणसी यूनिट और अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने गोधना मोड़ के पास कार्रवाई करते हुए एक युवक को 1 किलो 20 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है।”
chandauli
5:55 PM, Sep 7, 2026
Share:


बरामद हेरोइन और गिरफ्तार अभियुक्त के संबंध में जानकारी देते सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एएनटीएफ वाराणसी यूनिट और अलीनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने गोधना मोड़ अंडरपास की सर्विस रोड के पास चेकिंग के दौरान 21 वर्षीय अभिषेक सोनकर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1 किलो 20 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत पुलिस ने करीब तीन करोड़ रुपये बताई है।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हेरोइन लेकर चंदौली में तस्करी के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर गोधना मोड़ के पास संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच शुरू की गई। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिये का युवक वहां पहुंचा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से भूरे रंग का पाउडर बरामद हुआ, जिसकी जांच में हेरोइन होने की पुष्टि हुई। गिरफ्तार युवक की पहचान अभिषेक सोनकर पुत्र प्रकाश सोनकर, निवासी झोरिया जगदीशपुर बाबतपुर, थाना फूलपुर, वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 650 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मामले में अलीनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
पूछताछ में अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उसे यह हेरोइन वाराणसी के महमूरगंज क्षेत्र निवासी आयुष श्रीवास्तव ने दी थी। उसके अनुसार, आयुष ने उसे गोधना मोड़ हाईवे के पास खड़े होकर किसी अन्य व्यक्ति को हेरोइन सौंपने और बदले में पैसे लेने के लिए कहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पैसों के लालच में तस्करी में शामिल होना स्वीकार किया है। सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में सामने आए अन्य आरोपियों के नाम-पते के आधार पर उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस के मुताबिक जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।



