Chandauli News: गोवंश तस्करी के मामले में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, तीन महीने से था फरार.
“चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र में गोवंश तस्करी के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को स्वाट, सर्विलांस और सैयदराजा पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी जून 2026 में गोवंश लदी बोलेरो पिकअप छोड़कर फरार हो गया था। उसे वाराणसी के लमही क्षेत्र स्थित किराये के मकान से पकड़ा गया।”
chandauli
8:36 AM, Sep 28, 2026
Share:


सैयदराजा पुलिस की गिरफ्त में इनामी गो तस्कर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : अरविंद कुमार, सैयदराजा, चंदौली.
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र में गोवंश तस्करी के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मनीष सिंह पुत्र रामजीत सिंह, निवासी शिवरामपुर कला, थाना केराकत, जौनपुर के रूप में हुई है। वर्तमान में वह वाराणसी के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित बेलवा बाबा लमही में किराये के मकान में रह रहा था। स्वाट, सर्विलांस और सैयदराजा पुलिस की संयुक्त टीम ने 25 सितंबर को उसे किराये के मकान से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद 26 सितंबर को पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक मामला 5 जून 2026 का है। उस दिन सैयदराजा पुलिस कस्बा जमानिया तिराहा के पास चेकिंग कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम एनएच-2 हाईवे स्थित भतीजा मोड़ कट के पास पहुंची। इसी दौरान चंदौली की तरफ से आ रही सफेद रंग की बोलेरो पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को हाईवे की दक्षिणी लेन की ओर मोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसके डाले में रस्सियों से बंधे कुल आठ गोवंश मिले, जिनमें छह जीवित और दो मृत बताए गए। इसके बाद वाहन स्वामी रामजीत सिंह और अज्ञात चालक के खिलाफ सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार मनीष सिंह ने बताया कि बरामद बोलेरो पिकअप उसके पिता रामजीत सिंह के नाम पंजीकृत है और 5 जून को पुलिस चेकिंग देखकर वह गोवंश लदे वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया था। मामले में उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। कार्रवाई में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, हेड कांस्टेबल दिनेश यादव के साथ स्वाट प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा और स्वाट-सर्विलांस टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।



