Chandauli News: गंगा का जलस्तर बढ़ते ही तटवर्ती गांवों में बढ़ी चिंता, मंदिर तक पहुंचा पानी, किसानों में दहशत.
"“गंगा ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। महज दो दिनों में जलस्तर करीब दो फीट बढ़ने से बलुआ घाट पर पानी पहुंच गया है। तटवर्ती गांवों में बाढ़ की आशंका गहराने लगी है और किसान अपनी फसलों को लेकर चिंतित हैं।”
chandauli
5:18 PM, Jul 28, 2026
Share:


बलुआ घाट पर मंदिर में पहुंचा गंगा का पानी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। जनपद में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पिछले दो दिनों में करीब दो फीट पानी बढ़ने से बलुआ घाट स्थित मंदिर तक गंगा का पानी पहुंच गया है। जलस्तर में हो रही लगातार वृद्धि से गंगा किनारे बसे गांवों के लोगों में बाढ़ की आशंका गहरा गई है। ग्रामीणों को पिछले वर्षों की बाढ़ की विभीषिका याद आने लगी है, जब कई गांवों का संपर्क टूट गया था और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी गति से बढ़ता रहा तो भूपौली, डेरवा, महड़ौरा, कांवर, पकड़ी, महुअरिया, विशुपुर, महुआरी खास, सराय, बलुआ, डेरवाकला, महुअर कला, गंगापुर, पुराबिजयी, पुरागणेश, चकरा, सोनबरसा, टांडा कला, मोहम्मदपुर, सरौली, तीरगांवा, हसनपुर, बड़गांव, नादी, निधौरा, सहेपुर, मुकुंदपुर और नौदर समेत कई तटवर्ती गांवों पर बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। बढ़ते जलस्तर से खेतों में लगी धान, ज्वार, बाजरा, अरहर, मूंग, सब्जियों और पशुओं के हरे चारे के जलमग्न होने की आशंका से किसान चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ आने पर खेती-किसानी के साथ पशुपालन भी बुरी तरह प्रभावित होता है।
विज्ञापन
वहीं गंगा किनारे झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों के सामने विस्थापन और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गंगा के बढ़ते जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने, संवेदनशील गांवों में पहले से आवश्यक तैयारियां कराने और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। गंगा के बढ़ते पानी ने एक बार फिर तटवर्ती गांवों के लोगों की चिंता बढ़ा दी है।



