Chandauli News: एएसपी का खुलासा, ओलंपियन शिवपाल सिंह को फंसाने के आरोप भ्रामक, साक्ष्यों के आधार पर कानूनी हुई कार्रवाई.
“बलुआ थाना क्षेत्र के चर्चित व्यापारी मारपीट और चेन छिनैती प्रकरण में ओलंपियन शिवपाल सिंह को गलत तरीके से फंसाए जाने के आरोपों पर चंदौली पुलिस ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। पुलिस की पूरी कार्रवाई उपलब्ध साक्ष्यों और निष्पक्ष विवेचना के आधार पर की गई है।”
chandauli
8:32 PM, Jul 19, 2026
Share:


एसपी अनंत चंद्रशेखर, आरोपी शिवपाल सिंह की फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र में 21 जून 2026 को व्यापारी के साथ मारपीट, चेन छिनैती और अवैध असलहे के प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों पर चल रहे भ्रामक दावों का खंडन किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ओलंपियन शिवपाल सिंह, उनके भाई नन्दकिशोर सिंह तथा सुधांशु सिंह उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज में शिवपाल सिंह अपने भाई और अन्य साथियों के साथ व्यापारी के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं नन्दकिशोर सिंह द्वारा अवैध असलहे का प्रदर्शन कर लोगों में भय का माहौल बनाने के आरोप भी जांच में सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार नन्दकिशोर सिंह के कब्जे से उक्त अवैध असलहा भी बरामद किया गया है। विवेचना के दौरान एक अन्य घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों भाई मौजूद हैं और अवैध असलहे के प्रदर्शन का आरोप है। इस मामले में भी पुलिस आवश्यक जांच और विधिक कार्रवाई कर रही है।
विज्ञापन
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने कहा कि ओलंपियन शिवपाल सिंह को गलत तरीके से फंसाए जाने संबंधी आरोप पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की पूरी कार्रवाई उपलब्ध साक्ष्यों, निष्पक्ष विवेचना और विधिक प्रावधानों के अनुरूप की गई है तथा विवेचना में प्राप्त प्रत्येक साक्ष्य का परीक्षण कर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
