Chandauli News: ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े लूट की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने दो बदमाशों को दबोचा.
"स्थानीय लोगों ने महिला की सूझबूझ और ग्रामीणों की बहादुरी की सराहना की। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।"
chandauli
6:46 PM, May 27, 2026
Share:


ग्रामीणों द्वारा दबोचा गए दोनों बदमाश
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया, (चंदौली).
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के सैदूपुर कस्बे में बुधवार दोपहर ज्वेलरी की दुकान पर लूट की कोशिश से हड़कंप मच गया। ग्राहक बनकर पहुंचे तीन बदमाशों ने दुकान में मौजूद महिला को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन महिला की हिम्मत और स्थानीय लोगों की सतर्कता से उनका प्लान फेल हो गया। ग्रामीणों और पुलिस की सक्रियता से दो बदमाश पकड़ लिए गए, जबकि एक आरोपी फरार हो गया।
बदमाश के पास मिला तमंचा और कारतूस
जानकारी के अनुसार सैदूपुर स्थित गोलू ज्वेलर्स पर दोपहर के समय तीन युवक पहुंचे। उस वक्त दुकान संचालक बाहर गए हुए थे और दुकान पर उनकी पत्नी पूजा वर्मा अकेली थीं। आरोप है कि इसी दौरान बदमाशों ने महिला को डराकर दुकान में रखे जेवरात लूटने का प्रयास किया। हालांकि महिला ने साहस दिखाते हुए शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। खुद को घिरता देख बदमाश भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। उसके पास से देसी कट्टा और कारतूस भी बरामद होने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही चकिया पुलिस भी सक्रिय हो गई और इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस ने पीछा कर दूसरे आरोपी को सरैया गांव के पास गिरफ्तार कर लिया। वहीं तीसरा बदमाश खेतों के रास्ते फरार हो गया। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के भभुआ जनपद निवासी मनीष यादव और संदीप चौधरी के रूप में हुई है। घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहले दुकान की रेकी की थी और मौका देखकर वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।घटना के बाद कस्बे में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
