Chandauli News: गिट्टी पर फिसलकर पलटा ऑटो, चालक की मौत, दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया.
“बलुआ थाना क्षेत्र के रामगढ़ में अर्धनिर्मित सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक ने वाराणसी ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा है।”
chandauli
9:01 PM, Nov 1, 2026
Share:


मृतक तिलकधारी गोस्वामी की फ़ाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज चौकी अंतर्गत रामगढ़ निवासी ऑटो चालक तिलकधारी गोस्वामी (35) की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा शनिवार की शाम करीब सात बजे रामगढ़ स्थित गुलाब सिंह स्मृति द्वार के पास गुरेरा-रामगढ़-नादी मार्ग पर हुआ। बताया गया कि तिलकधारी स्वयं ऑटो चलाकर जा रहे थे। इसी दौरान अर्धनिर्मित सड़क पर बिखरी गिट्टी पर ऑटो का पहिया चढ़ गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक के सिर में गंभीर चोटें आईं।
आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायल तिलकधारी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनिया पहुंचाया। वहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान रविवार की भोर करीब तीन बजे उनकी मौत हो गई। रविवार को शव रामगढ़ स्थित घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी कविता का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
तिलकधारी अपने पीछे पत्नी कविता और दो बेटियों रितिका (10 वर्ष) तथा आर्या (8 वर्ष) को छोड़ गए हैं। पिता की असमय मौत से दोनों मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना की सूचना मिलने पर बलुआ पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी आवश्यक कागजी कार्रवाई में जुटे रहे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



