Chandauli News: बीसी सखी पुष्पा देवी की पीएम रिपोर्ट में नहीं हुई मौत के कारणों की पुष्टि, मेडिकल स्टोर्स इंजेक्शन लगाने में लापरवाही का आरोप.
“चंदौली के सकलडीहा क्षेत्र के भोजापुर गांव में बीसी सखी की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। परिजनों और ग्रामीणों ने मेडिकल स्टोर संचालक पर लापरवाही से इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है।”
chandauli
8:44 PM, Nov 1, 2026
Share:


बी सी सखी पुष्पा देवी की फाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा, चंदौली.
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के भोजापुर गांव में बीसी सखी पुष्पा देवी की मौत के मामले में रविवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, पति के चेन्नई से आने के इंतजार में परिजनों ने शव को घर पर ही रखा है। इस वजह से शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका है।
भोजापुर गांव निवासी नरेंद्र राम की 32 वर्षीय पत्नी पुष्पा देवी गांव में बीसी सखी के रूप में कार्य करती थीं। उनके एक पुत्र नीरज और दो पुत्रियां नित्या व रिया हैं। पति नरेंद्र चेन्नई की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। बताया गया कि शनिवार को बुखार आने पर पुष्पा देवी ने गांव के एक मेडिकल स्टोर संचालक को फोन कर दवा देने के लिए बुलाया था। आरोप है कि संचालक ने उन्हें इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
महिला की मौत की जानकारी मिलते ही गांव में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने मेडिकल स्टोर संचालक पर लापरवाही से इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है, लेकिन रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



