Chandauli News: भूसी के नीचे छिपाकर बिहार भेजी जा रही 61 लाख की बीयर पकड़ी गई, दो तस्कर गिरफ्तार.
"चंदौली पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई को जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस बड़ी सफलता माना जा रहा है।"
chandauli
3:13 PM, Jun 4, 2026
Share:


सदर कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में पकड़े गए शराब तस्कर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: ओपी श्रीवास्तव, जिला मुख्यालय, चंदौली.
चंदौली। बिहार में खपाने के लिए ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी बीयर की बड़ी खेप को चंदौली पुलिस ने पकड़ लिया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक ट्रक से करीब 61 लाख रुपये मूल्य की 1210 पेटी बीयर बरामद की है। मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि वाराणसी की ओर से एक ट्रक बिहार की तरफ जा रहा है, जिसमें संदिग्ध सामान लदा हुआ है। सूचना के आधार पर नवीन मंडी चौकी के सामने हाईवे पर घेराबंदी कर ट्रक को रोका गया। प्रारंभिक पूछताछ में चालक और उसके साथी ने ट्रक में भूसी लदे होने की बात कही, लेकिन पुलिस को संदेह होने पर वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान भूसी की आड़ में छिपाकर रखी गई पंजाब निर्मित ‘हावर्ड 500’ ब्रांड की 1210 पेटी बीयर बरामद हुई। बरामद बीयर की कुल मात्रा 14,520 लीटर बताई गई है। पुलिस के अनुसार यह खेप बिहार के औरंगाबाद जिले में पहुंचाई जानी थी, जहां शराबबंदी के कारण इसकी अवैध सप्लाई की योजना थी।
विज्ञापन
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जनपद निवासी मूला राम और हितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे पंजाब से बीयर लोड कर बिहार ले जा रहे थे और इसके बदले उन्हें प्रति चक्कर 50 हजार रुपये मिलते थे। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
