Chandauli News: करवा चौथ से पहले फुटिया गांव में लाखों की चोरी, 10 लाख के जेवर और 15 हजार नकदी गायब.
“चंदौली सदर कोतवाली क्षेत्र के फुटिया गांव में चोरों ने घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित के मुताबिक, करीब 8 से 10 लाख रुपये के जेवर और 15 हजार रुपये चोरी हुए हैं। पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए मामले के पर्दाफाश की मांग की है।”
chandauli
7:12 PM, Oct 30, 2026
Share:


टूटा हुआ अलमारी का लॉकर दिखाई मकान मालिक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: ओपी श्रीवास्तव, जिला मुख्यालय, चंदौली.
चंदौली। करवा चौथ से पहले सदर कोतवाली क्षेत्र के फुटिया गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। पीड़ित अनिल कुमार सिंह पप्पू के मुताबिक, घर से करीब 8 से 10 लाख रुपये के जेवरात और 15 हजार रुपये नकद गायब हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर आभूषण रखने वाले बैग और बॉक्स को बगीचे में फेंक गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। त्योहार से पहले हुई इस चोरी से पीड़ित परिवार परेशान है।
पीड़ित अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटना के समय उनकी पत्नी चंदौली बाजार गई थीं, जबकि उनका बेटा अपनी गाड़ी की सर्विस कराने चंदौली ऑटोमोबाइल्स गया हुआ था। इसी दौरान घर में चोरी हो गई। उन्होंने बताया कि घर लौटने पर आभूषण और नकदी गायब मिले। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने मोबाइल फोन से चंदौली कोतवाल को घटना की सूचना दी थी। उन्हें दरोगा भेजने की बात कही गई, लेकिन उनके अनुसार मौके पर दरोगा नहीं पहुंचे। मंडी चौकी से दो सिपाही आए, जिन्होंने मौके का वीडियो बनाया और प्रार्थना पत्र देने को कहा। इसके बाद उन्होंने 29 तारीख की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच चौकी पहुंचकर आवेदन दिया।
विज्ञापन
अनिल कुमार सिंह ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई में हीलाहवाली का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आवेदन देने के बाद भी अब तक उन्हें कोई ठोस कार्रवाई होती नजर नहीं आई है। उन्होंने मांग की है कि चोरी की घटना का जल्द पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और उनका सामान या उसकी कीमत वापस दिलाई जाए। फिलहाल पुलिस द्वारा मौके का निरीक्षण किए जाने की जानकारी है। चोरी की इस वारदात को लेकर आगे की पुलिस कार्रवाई का इंतजार है।



