Chandauli News : सड़क हादसे में बीएचयू के छात्र गौरव राय की मौत, परिजनों में मचा कोहराम.
“चंदौली के दुर्गापुर गांव निवासी बीएचयू के छात्र गौरव राय की सड़क हादसे में मौत हो गई। लाखापुर के पास बाइक अनियंत्रित होकर पलटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बेटे को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।”
chandauli
8:48 PM, Oct 15, 2026
Share:


मृतक गौरव राय की फाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : - पुनवासी यादव, सकलडीहा, चंदौली.
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के दुर्गापुर गांव निवासी भगवानदास राय के 28 वर्षीय बेटे गौरव राय की बुधवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। अलीनगर थाना क्षेत्र के लाखापुर गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे गौरव और उनके साथी दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ चल रहे दोस्तों ने दोनों को एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर गौरव को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि गौरव वाराणसी स्थित बीएचयू के छात्र थे और आयकर अधिकारी बनने की तैयारी कर रहे थे। वह अलीनगर क्षेत्र के धपरी गांव में अपने मित्र रविंद्र के छोटे भाई के तिलकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात लौटते समय लाखापुर के पास खराब सड़क पर बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में गौरव और पीछे बैठे दीपक को गंभीर चोटें आईं। गौरव के पिता भगवानदास, मां दौलता देवी और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए बलुआ घाट पर गौरव का अंतिम संस्कार कर दिया।
विज्ञापन
परिजनों के मुताबिक, तिलकोत्सव से लौटते समय गौरव वाराणसी में अपने बड़े भाई के पास जाने की बात कह रहे थे, जबकि घर लौटने की भी चर्चा थी। बेटे को खोने के बाद परिजन बार-बार यही कहकर बिलख रहे हैं कि काश वह घर लौट आया होता। मां दौलता देवी बेटे की याद में रोते-रोते बार-बार अचेत हो जा रही थीं। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।



