Chandauli News: चकिया तहसील प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन गांवों में हटाया गया अतिक्रमण.
"तहसीलदार देवेंद्र यादव ने कहा कि सरकारी भूमि, चकरोड, नाली और ग्राम समाज की संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अतिक्रमण करने वालों और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
chandauli
7:50 PM, Jun 15, 2026
Share:


मौके पर अतिक्रमण हटवाते चकिया तहसीलदार
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : गोविंद कुमार, चकिया (चंदौली).
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग के निर्देश पर चकिया तहसील प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए तीन गांवों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान चकरोड और ग्राम समाज की भूमि को कब्जामुक्त कराया गया, जबकि कई लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।
चकिया तहसीलदार देवेंद्र यादव के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम सबसे पहले उतरौत गांव पहुंची। जांच के दौरान वहां चकरोड की भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाना शुरू किया। इस दौरान तहसीलदार स्वयं फावड़ा लेकर मौके पर पहुंचे और कब्जा हटाने की प्रक्रिया में शामिल हुए। प्रशासनिक जांच में सामने आया कि उतरौत गांव में चकरोड की जमीन पर ग्राम प्रधान कंचन मौर्या, उनके पति तथा समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता महेंद्र मौर्या समेत आठ लोगों द्वारा अतिक्रमण किया गया था। मामले को गंभीर मानते हुए सभी संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की गई। इसके बाद प्रशासनिक टीम दिरेहु और तकिया महड़ौर गांव पहुंची, जहां ग्राम समाज की नालियों पर अवैध कब्जे की शिकायत मिली थी। टीम ने दोनों गांवों में नालियों को अतिक्रमणमुक्त कराते हुए जल निकासी व्यवस्था को सुचारु कराया।
विज्ञापन
तहसीलदार देवेंद्र यादव ने कहा कि सरकारी भूमि, चकरोड, नाली और ग्राम समाज की संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अतिक्रमण करने वालों और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनहित में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
