Chandauli News: ‘ऑपरेशन वज्रपात’ में चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 64 सोशल मीडिया गैंग चिन्हित.
"पुलिस अधीक्षक ने मीडिया से बात करते हुए स्पष्ट किया कि अपराध और अराजकता के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।"
chandauli
8:06 PM, Jun 7, 2026
Share:


चंदौली पुलिस द्वारा आरोपी पर की गई कार्रवाई
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। सोशल मीडिया पर गैंग बनाकर हथियारों का प्रदर्शन करने, दबंगई दिखाने और समाज में भय का माहौल बनाने वाले तत्वों के खिलाफ चंदौली पुलिस ने ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत व्यापक अभियान चलाया। पांच दिनों तक चले विशेष अभियान में 64 सोशल मीडिया गैंगों को चिन्हित किया गया, जिनमें से 49 के विरुद्ध मुकदमे दर्ज कर कुल 187 नामजद व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन में बीते 1 जून से 5 जून तक जिले के सभी थानों में विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गैंग बनाकर आपराधिक छवि का प्रचार-प्रसार करने, युवाओं को गुमराह करने और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करना था। पुलिस ने बीट पुलिसकर्मियों, थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों की मदद से ऐसे ग्रुप और गैंगों की पहचान की, जो सोशल मीडिया के माध्यम से दबदबा बनाने और भय का वातावरण तैयार करने का प्रयास कर रहे थे। अभियान के दौरान 64 गैंग चिन्हित किए गए, जिनमें से 49 के खिलाफ अभियोग दर्ज किए गए। इसके अलावा 65 अन्य सदस्यों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की गई है।
विज्ञापन
अभियान के तहत आमिर अहमद, रम्मन सोनकर, प्रांशु चौहान और संतोष यादव को गिरफ्तार किया गया। विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज मुकदमों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, आपराधिक गतिविधियों का महिमामंडन और भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। चंदौली पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति या समूह सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग संचालित कर रहा है, हथियारों का प्रदर्शन कर रहा है या युवाओं को गुमराह कर रहा है तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
