Chandauli News: वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, महिलाओं के विरोध के बीच 40 बीघा वन भूमि कराया अतिक्रमणमुक्त.
"रेंजर अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में चार जेसीबी और दो रोटावेटर मशीनों की मदद से करीब 40 बीघा वन भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। खड़ी सरसों की फसल को जमींदोज कर भूमि को समतल किया गया। साथ ही भविष्य में अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से सुरक्षा खाई और बोना नाली भी खुदवाई गई"
chandauli
8:55 PM, Dec 19, 2025
Share:


वन भूमि पर हुए अतिक्रमण पर जेसीबी चलाता वन विभाग
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। नौगढ़ तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को वन विभाग द्वारा वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए, जब मौके पर पहुंची स्थानीय महिलाओं ने वन विभाग की टीम को घेरकर विरोध शुरू कर दिया। विरोध और दबाव के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर डटी रही और सख्ती के साथ अभियान को अंजाम दिया गया।
प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर के निर्देश पर जयमोहनी रेंज के भरदुआ क्षेत्र में यह संयुक्त कार्रवाई की गई। विभागीय अधिकारियों के अनुसार लगभग छह माह पूर्व 10 से 12 लोगों ने वन कर्मियों को धमकाकर वन भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया था। अतिक्रमणकारियों ने झोपड़ियां बनाकर खेती शुरू कर दी थी और सरसों की फसल बो दी गई थी। कई बार नोटिस और समझाइश के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया, जिसके बाद सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया गया।
रेंजर अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में चार जेसीबी और दो रोटावेटर मशीनों की मदद से करीब 40 बीघा वन भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। खड़ी सरसों की फसल को जमींदोज कर भूमि को समतल किया गया। साथ ही भविष्य में अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से सुरक्षा खाई और बोना नाली भी खुदवाई गई।
विज्ञापन
कार्रवाई के दौरान महिलाओं के तीखे विरोध को देखते हुए वन विभाग के महिला एवं पुरुष कर्मचारियों ने संयम और सतर्कता के साथ स्थिति को संभाला। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए नौगढ़ थाना पुलिस, महिला कांस्टेबल, 112 पीआरवी, नायब तहसीलदार, कानूनगो और लेखपाल मौके पर तैनात रहे।इसी क्रम में जयमोहनी रेंज के भैसोड़ा कम्पार्टमेंट संख्या–14 में भी लगभग 10 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
अभियान में वन दरोगा सोमेश प्रथम, सोमेश द्वितीय, शोभित, सावित्री, वीरेन्द्र पाण्डेय, प्रशांत, शुभम, गुरुदेव सिंह सहित तीनों रेंजों के वनकर्मी मौजूद रहे। रेंजर अमित श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि सरकारी वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



