Chandauli News: सावन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, फैक्ट्रियों में सैंपलिंग और हाईवे ढाबों को सख्त चेतावनी.
“सावन और कांवड़ यात्रा से पहले चंदौली में खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। औचक छापेमारी के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जबकि हाईवे के ढाबों और होटलों को साफ-सफाई व नॉनवेज बिक्री पर सख्त निर्देश दिए गए।”
chandauli
11:31 AM, Jul 30, 2026
Share:


सैंपल लेते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत बुधवार को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया गया और विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने गणेश कंज्यूमर प्रोडक्ट्स से सूजी, गेहूं का आटा, दलिया, बेसन, सत्तू और मैदा के नमूने लिए। वहीं बिंदु एग्रो इंडस्ट्रीज से मक्का की सूजी और मक्का के आटे के नमूने भी संग्रहित किए गए। विभाग के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर संचालित होटल और ढाबों का भी गहन निरीक्षण किया गया। संचालकों को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा सावन माह के दौरान किसी भी प्रकार के मांसाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन
खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं की शिकायतों और सुझावों के लिए नई व्यवस्था भी लागू की है। होटल और ढाबों में प्रमुख स्थानों पर क्यूआर कोड आधारित फीडबैक एवं शिकायत स्टीकर लगाए जा रहे हैं, जिन्हें स्कैन कर ग्राहक सीधे विभाग तक अपनी शिकायत या प्रतिक्रिया दर्ज करा सकेंगे। विभाग का कहना है कि मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ यह अभियान सावन माह के दौरान लगातार जारी रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।



