Chandauli News: यूपी-बिहार बॉर्डर पर डीजल तस्करी का बड़ा खेल उजागर, 3600 लीटर डीजल के साथ छह गिरफ्तार.
"सीओ सदर देवेंद्र कुमार के अनुसार इस पूरे नेटवर्क में कुछ पेट्रोल पंप संचालकों की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। पुलिस अब उन पेट्रोल पंपों की भी जांच की तैयारी में है, जहां से भारी मात्रा में डीजल उपलब्ध कराया जा रहा था। दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
chandauli
2:38 PM, May 25, 2026
Share:


बोलेरो के साथ पकड़े गए आरोपी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: ओपी श्रीवास्तव, ज़िला मुख्यालय, चंदौली.
चंदौली। यूपी-बिहार बॉर्डर पर अवैध डीजल तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए सैयदराजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में कुल 3600 लीटर अवैध डीजल बरामद कर छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो कंटेनर और एक इनोवा वाहन को भी जब्त किया गया है। बरामद डीजल की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर जिले में अवैध डीजल-पेट्रोल तस्करी और राजस्व चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यूपी-बिहार सीमा पर लगातार चेकिंग और निगरानी की जा रही थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़े स्तर पर डीजल की अवैध सप्लाई की जा रही है, जिसके बाद कार्रवाई तेज कर दी गई। पहली कार्रवाई 20 मई को की गई, जब पुलिस ने एक कंटेनर से 2000 लीटर अवैध डीजल बरामद किया। मौके से श्रवण कुमार, ऋतुराज और जय नारायण सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन से जुड़े कई अहम इनपुट पुलिस को मिले।
विज्ञापन
इसके बाद 23 मई को पुलिस ने दूसरी कार्रवाई करते हुए एक अन्य कंटेनर और लोकेशन ट्रैकिंग में इस्तेमाल हो रही टोयोटा इनोवा से 1600 लीटर डीजल बरामद किया। इस दौरान जावेद, मोईन और फर्म स्वामी शाकिर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी निर्माण कार्य के नाम पर यूपी से बिहार डीजल ले जाने का बहाना बनाते थे, जबकि असल में राजस्व चोरी कर अवैध तरीके से तस्करी की जा रही थी। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में डीजल तस्करी और राजस्व चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
