Chandauli News: सीसी रोड व नाली निर्माण में बड़ा घोटाला, ग्रामीणों ने जांच की मांग उठाई.
"खंड विकास अधिकारी चकिया विकास सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और अगर गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी"
chandauli
6:40 PM, Nov 11, 2025
Share:


सीसी रोड व नाली निर्माण कार्य का लगा बोर्ड
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया तहसील.
चंदौली। चकिया विकासखंड के ग्राम पंचायत पुराना डीह के कुंडा हेमैया गांव में सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य में लाखों रुपए के कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि मात्र 70 से 80 मीटर लंबी सीसी रोड बनाकर ₹5.90 लाख की धनराशि निकाल ली गई। इतना ही नहीं, पक्की नाली निर्माण को भी कागजों में ही दिखा दिया गया, जबकि मौके पर नाली का कोई अस्तित्व नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पूरा कार्य मनरेगा योजना के अंतर्गत कराया गया है जिसकी कार्य आईडी 536545 है। आरोप है कि इस भ्रष्टाचार में ग्राम प्रधान और सचिव दोनों मिलीभगत से शामिल रहे।
विज्ञापन
ग्रामीण ननरु, मुन्नू और ढुन्नू ने बताया कि मिट्ठू पासवान के घर से मुन्ना पासवान के घर तक सीसी रोड का निर्माण कराया गया है, लेकिन काम की गुणवत्ता बेहद खराब है और लंबाई भी निर्धारित मानक से बहुत कम है। उन्होंने कहा कि सीसी रोड के साथ नाली निर्माण का खर्च जोड़कर फर्जी तरीके से लाखों रुपए की निकासी की गई है। ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। इस संबंध में जब ग्राम प्रधान ओमप्रकाश से बात की गई तो उन्होंने कहा कि कार्य विधिवत तरीके से कराया गया है और भ्रष्टाचार के आरोप निराधार हैं। वहीं खंड विकास अधिकारी विकास सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और अगर गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



