Chandauli News: झाड़ियों में छिपे पेड़ के तने से टकराई बाइक, युवक की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश.
"संदीप घर पर रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क पर लटके खतरनाक पेड़ के तने की कई बार शिकायत की गई, लेकिन इसे हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई।"
chandauli
5:43 PM, Apr 16, 2026
Share:


मृतक संदीप निषाद कि फ़ाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मठिया गांव के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक संदीप निषाद की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सड़क किनारे झाड़ियों में छिपे पेड़ के सूखे तने से टकराकर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार पूराविजयी गांव निवासी संदीप निषाद पुत्र विजय निषाद गैस सिलेंडर लेकर बाइक से टांडा बाजार की ओर से अपने घर लौट रहा था। बाइक पर उसके साथ एक अन्य युवक भी सवार था। जैसे ही वे मठिया गांव के समीप पहुंचे, सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान बाइक सड़क किनारे झाड़ियों की ओर चली गई और वहां छिपे शीशम के पेड़ के मोटे तने से जा टकराई।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले आए तेज तूफान में शीशम का पेड़ सड़क पर गिर गया था। रास्ता साफ करने के लिए पेड़ को बीच से काट दिया गया, लेकिन उसका मोटा हिस्सा अब भी सड़क किनारे खतरनाक तरीके से लटका हुआ था। झाड़ियों और सरपत से ढका होने के कारण यह तना दूर से दिखाई नहीं देता था, जो हादसे की बड़ी वजह बना। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संदीप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पीछे बैठा युवक बाल-बाल बच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल टांडा बाजार के एक निजी क्लीनिक पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। परिजन जब उसे लेकर वाराणसी पहुंचे तो डॉक्टरों ने अस्पताल में भर्ती करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया।
मृतक संदीप निषाद अपने पिता के तीन बेटों में मंझला था। बड़ा भाई विदेश में नौकरी करता है, जबकि छोटा भाई घर पर ही है। संदीप घर पर रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क पर लटके खतरनाक पेड़ के तने की कई बार शिकायत की गई, लेकिन इसे हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी लापरवाही के चलते एक युवक की जान चली गई।
