Chandauli News: सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम.
"धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।"
chandauli
9:47 AM, Jun 20, 2026
Share:


मृतक नंदू राय की फ़ाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। धराव गांव के पास धानापुर-चहनिया मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से अनियंत्रित बाइक टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अमरा गांव निवासी 55 वर्षीय नंदू राय पुत्र शिवधारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला संयुक्त चिकित्सालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी, जिससे नंदू राय को गंभीर चोटें आईं। परिजनों के अनुसार नंदू राय मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक पुत्र की शादी इसी माह हुई थी। परिवार में हाल ही में आई खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मृतक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। आशंका है कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान गई। थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
