Chandauli News: 36 घण्टे बाद बरामद हुआ दोनों किशोरों का शव, सोमवार की शाम छठ पूजा के समय नाव हादसे में डूबे थे तीनो किशोर.
"छठ पूजा के दौरान हुए इस हादसे को लेकर ग्रामीणों और परिजनों ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का आरोप है कि समय पर मदद नहीं पहुंच पाई, नहीं तो बच्चों को बचाया जा सकता था"
chandauli
12:18 PM, Oct 29, 2025
Share:


नाव हादसे में डूबे तीन किशोरों की फाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अजीत जायसवाल, बबुरी.
चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के कोदोचक गांव में सोमवार शाम छठ घाट के पास हुए नाव हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। घटना में चंद्रप्रभा नदी में नाव पलटने से तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई थी। जिसमें दो किशोरों के शव बुधवार की सुबह बरामद हो गए। घटना के दिन रात में एक किशोर का शव एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने बरामद कर लिया था।
सोमवार को छठ पर्व के दौरान आठ किशोर नाव लेकर नदी में सैर करने निकले थे। नाव जैसे ही बीच धारा में पहुँची, नाव सवार नाव पर खड़े हो गए और नाव अचानक असंतुलित होकर नदी की बीच धारा में पलट गई। सभी किशोर नाव सहित पानी में गिर पड़े। घटना के दौरान पांच किशोर तैरकर बाहर निकल आए। जबकि यश (16 वर्ष), पीयूष (13 वर्ष) और अरुण (13 वर्ष) गहरे पानी में डूब गए। घटना से अफरा-तफरी मच गई थी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने चंद्रप्रभा नदी में तीनों को काफी खोजने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली थी।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना बबुरी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को सूचना दी। घटना के तीन घंटे बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रात लगभग 10 बजे 13 वर्षीय किशोर अरुण का शव बरामद कर लिया। वहीं देर रात तक बाकी दोनों किशोरों के शव की तलाश में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ जुटी रही।
लेकिन यश और पीयूष का कुछ पता नहीं चल पाया था। बुधवार सुबह दोनों टीमों ने चन्द्रप्रभा नदी में लगातार गोताखोरी कर दोनों किशोरों के शव की खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना के लगभग 36 घंटे बाद बुधवार की सुबह दोनों किशोरों के शव नदी से बाहर निकाले गए। इस दौरान नदी के तट पर सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा थे। दोनों के शव मिलने की सूचना पर परिजन नदी किनारे पहुंच गए। दोनों के शव को देखकर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।



