Chandauli News: इलेक्ट्रिक वायर के जरिए विस्फोटक लगाकर किया गया किन्नर के घर में बम धमाका.
"सकलडीहा सीओ स्नेहा तिवारी ने बताया कि पीड़िता खुशबू की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में नामजद सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा"
chandauli
6:32 PM, Dec 22, 2025
Share:


खुशबू किन्नर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां वाया धानापुर मुख्य मार्ग पर मोहरगंज स्थित खुशबू किन्नर के निजी मकान में रविवार देर रात इलेक्ट्रिक वायर के जरिए विस्फोटक लगाकर बम धमाका किए जाने से इलाके में दहशत फैल गई। इस मकान में करीब दो दर्जन किन्नर रहते हैं।
घटना रात करीब साढ़े बारह बजे की है, जब कुछ किन्नर सो रहे थे जबकि कुछ मोबाइल देख रहे थे। अचानक मकान के पिछले हिस्से में हुए तेज धमाके से पूरा घर हिल गया और धुआं फैल गया। विस्फोट की चपेट में आकर घर में सो रही तीन किन्नर लभली, सोनी और मोनी घायल हो गईं। धमाके के कारण तीनों अपने बेड से उछलकर बगल में स्थित झाड़ियों में जा गिरीं, जहां वे करीब पंद्रह मिनट तक बेहोश रहीं।
बाद में अन्य किन्नरों ने टॉर्च की रोशनी में उन्हें बाहर निकाला। गनीमत रही कि तीनों को केवल हल्की चोटें आईं। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद किन्नरों में अफरा-तफरी मच गई और सभी घर के बाहर निकलकर रोने-चिल्लाने लगे।
सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है, जिन्होंने मौके से मिट्टी के नमूने और इलेक्ट्रिक वायर कनेक्शन को जांच के लिए कब्जे में लिया। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।
विज्ञापन
सकलडीहा सीओ स्नेहा तिवारी ने बताया कि पीड़िता खुशबू की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में नामजद सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घर की मालकिन खुशबू किन्नर ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि पास के ही गांव के लोगों ने यह धमाका किया और घटना के बाद उन्हें भागते हुए देखा गया। उन्होंने बताया कि उनका आरोपियों से पुराना विवाद चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही जनपद व गैर जनपदों से बड़ी संख्या में किन्नर मौके पर जुटने लगे। किन्नर समाज में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले पास के गांव के एक व्यक्ति से शादी को लेकर बलुआ थाने में कई बार विवाद और हंगामा हो चुका है, जो हाल ही में जेल से रिहा होकर आया है।



