Chandauli News: गंगा स्नान के दौरान भाई-बहन की डूबने से मौत, कांवर गांव में पसरा मातम.
"वहीं परिजन और ग्रामीण दोनों बच्चों के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।"
chandauli
5:10 PM, Jun 21, 2026
Share:


मृतक भाई बहन की फ़ाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के कांवर गांव के एक भाई-बहन की गंगा में डूबने से मौत हो गई। वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित गंगापुर में रविवार सुबह गंगा स्नान के दौरान 18 वर्षीय शुभम निषाद और उसकी 10 वर्षीय बहन अनन्या गहरे पानी में चले गए। दोनों की मौत की खबर जैसे ही कांवर गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। शव गांव पहुंचने पर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार कांवर गांव निवासी नंदकिशोर निषाद लखनऊ में निजी नौकरी करते हैं। उनके पुत्र शुभम और पुत्री अनन्या शनिवार को चौबेपुर क्षेत्र के गंगापुर गांव स्थित अपनी बुआ विमला के घर घूमने गए थे। रविवार सुबह दोनों गंगा स्नान के लिए तट पर पहुंचे, जहां स्नान के दौरान उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में गंगा तट पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने स्वयं गंगा में उतरकर काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलने पर दोनों के शव कांवर गांव लाए गए। शव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता नंदकिशोर निषाद, मां सुनीता देवी, छोटी बहन और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक शुभम और अनन्या महड़ौरा स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ाई करते थे। एक साथ दो बच्चों की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि घटना वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र में हुई, लेकिन स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचना नहीं दी गई। वहीं परिजन और ग्रामीण दोनों बच्चों के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
