Chandauli News: बीएसए ने पकड़ी बिना मान्यता विद्यालय में चल रहीं कक्षाएं, दो स्कूलों को नोटिस जारी.
"बीएसए सचिन कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भी बिना मान्यता के कक्षाएं संचालित होती पाई गईं, तो संबंधित विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी विधिक और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।"
chandauli
10:19 PM, Apr 15, 2026
Share:


विद्यालय की जांच के दौरान छात्रों से बातचीत करते बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर जनपद में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार, 15 अप्रैल 2026 को बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने विकास खंड बरहनी के विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो मान्यता प्राप्त स्कूलों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद विभाग ने नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
निरीक्षण के दौरान बगही स्थित मैरी एजुकेशन एकेडमी में पाया गया कि विद्यालय को कक्षा 1 से 8 तक की ही मान्यता प्राप्त है, लेकिन यहां कक्षा 9 और 10 तक की कक्षाएं संचालित की जा रही थीं। जब इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाध्यापक से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि छात्रों का नामांकन अन्य विद्यालयों में है, जबकि पढ़ाई यहीं कराई जा रही है। इसी तरह सोगई रोड सैयदराजा स्थित ज्ञान दीप एजुकेशन एकेडमी में भी मानकों का उल्लंघन सामने आया। इस विद्यालय को कक्षा 1 से 5 तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन यहां कक्षा 6 से 8 तक की पढ़ाई कराई जा रही थी। यहां भी प्रबंधन ने यही दलील दी कि छात्रों का नामांकन अन्य विद्यालयों में है, जबकि कक्षाएं इसी स्कूल में संचालित हो रही हैं।
विज्ञापन
बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने दोनों विद्यालयों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे केवल उन्हीं कक्षाओं का संचालन करें, जिनकी उन्हें विधिवत मान्यता प्राप्त है। साथ ही संबंधित विद्यालयों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भी बिना मान्यता के कक्षाएं संचालित होती पाई गईं, तो संबंधित विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी विधिक और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
