Chandauli News: घर की सफाई के दौरान करंट लगने से बीएसएफ जवान की मौत.
"ग्रामीणों ने बताया कि आनंद कुमार बेहद मिलनसार और व्यवहार कुशल थे। बीएसएफ में चयन होने पर पूरे गांव में खुशी का माहौल था। जवान की असमय मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में गहरा दुख व्याप्त है।"
chandauli
10:29 PM, May 16, 2026
Share:


बीएसएफ जवान आनंद कुमार की फाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के करजरा गांव में शुक्रवार को घर की सफाई के दौरान करंट लगने से बीएसएफ जवान की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को जवान का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
जानकारी के अनुसार करजरा गांव निवासी आनंद कुमार शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने घर की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर धीना थाना प्रभारी दिलीप कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
शनिवार सुबह धानापुर थाना क्षेत्र स्थित गुरैनी गंगा घाट पर जवान को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। परिजनों के अनुसार आनंद कुमार करीब तीन वर्ष पहले बीएसएफ में भर्ती हुए थे और वर्तमान में उनकी तैनाती छत्तीसगढ़ में थी। वह तीन भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके पिता राम बचन यादव किसान हैं, जबकि माता का नाम बिंदु देवी है। आनंद कुमार अविवाहित थे।
