Chandauli News:हाइवे निर्माण के लिए चला बुल्डोजर, मुआवजे को लेकर विरोध के बीच कई मकान ध्वस्त.
"एसडीएम कुंदन राज कपूर ने बताया कि सभी प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति मुआवजे से संतुष्ट नहीं है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपील कर सकता है। प्रशासन का कहना है कि हाइवे निर्माण कार्य जनहित में है और इसे समय पर पूरा कराना आवश्यक है।"
chandauli
9:15 PM, Apr 15, 2026
Share:


पुलिस पीएससी लगाकर तहसील प्रशासन बुल्डेाजर चलाकर मकान तोड़वाते एसडीएम सहित अन्य अधिकारी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा, (चंदौली).
चंदौली। हाइवे निर्माण परियोजना को लेकर सकलडीहा तहसील क्षेत्र के खड़ेहरा गांव में लंबे समय से अटका सड़क निर्माण कार्य बुधवार को प्रशासनिक कार्रवाई के बाद आगे बढ़ा। उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर के नेतृत्व में तहसील प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग की टीम ने भारी पुलिस और पीएसी बल की मौजूदगी में कई मकानों पर बुल्डोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने मुआवजे को लेकर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई जारी रही।
बताया गया कि विभाग की ओर से पूर्व में तीन बार नोटिस जारी कर प्रभावित भू-स्वामियों को अवगत कराया गया था, बावजूद इसके कई लोग मुआवजे को लेकर असंतुष्ट थे और मकान खाली नहीं कर रहे थे। इसी कारण सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से अधर में लटका हुआ था।ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें सर्किल रेट के अनुसार मुआवजा नहीं दिया गया है और प्रशासन केवल आश्वासन दे रहा है। इसको लेकर भू-स्वामियों ने जिलाधिकारी से लेकर न्यायालय तक गुहार लगाई, लेकिन संतोषजनक समाधान नहीं निकल सका। बुधवार को जब प्रशासन बुल्डोजर लेकर पहुंचा तो लोगों ने इसका विरोध किया, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई जारी रखी। विरोध कर रहे कुछ लोगों को पुलिस थाने भी ले गई।
विज्ञापन
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि मकानों के साथ-साथ घरों में बने शौचालय और बाथरूम तक तोड़ दिए गए, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। सुबह से लेकर शाम तक पुलिस फोर्स की निगरानी में बुल्डोजर चलता रहा और कई निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। इस संबंध में एसडीएम कुंदन राज कपूर ने बताया कि सभी प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति मुआवजे से संतुष्ट नहीं है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपील कर सकता है। प्रशासन का कहना है कि हाइवे निर्माण कार्य जनहित में है और इसे समय पर पूरा कराना आवश्यक है। मौके पर अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद, सीओ स्नेहा तिवारी, कोतवाल भूपेंद्र निषाद सहित पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
