Chandauli News: बिहार से आए दबंगों ने पेट्रोल पंप कर्मी को पीटकर किया लहूलुहान, वीडियो वायरल.
"सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित कर्मचारी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद और आधा दर्जन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है"
chandauli
6:52 PM, Dec 22, 2025
Share:


पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों पर हमला करते बिहार से आए मनबढ़ युवक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अरविंद कुमार, सैयदराजा.
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के धरौली पुलिस चौकी के समीप जसुरी स्थित फ्यूल इंडियन पेट्रोल पंप पर दबंगों द्वारा पंप कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पेट्रोल भरवाने को लेकर हुए विवाद के बाद दबंगों ने कर्मचारी को पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह कुछ ग्राहक पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर पंप कर्मचारी से कहासुनी हो गई। विवाद के बाद ग्राहक वहां से चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद वे डेढ़ दर्जन के करीब युवकों के साथ दोबारा लौटे और गुस्से में आकर कर्मचारी पर हमला बोल दिया।
आरोप है कि दबंगों ने कर्मचारी को लात-घूंसों से पीटते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
विज्ञापन
इस संबंध में सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। जांच में पुष्टि हुई कि वीडियो सैयदराजा थाना क्षेत्र के जसुरी स्थित पेट्रोल पंप का है। पीड़ित कर्मचारी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद और आधा दर्जन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



