Chandauli News: संदिग्ध हालात में झुलसी विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, पति-ससुर हिरासत में.
“चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी 23 वर्षीय विवाहिता की वाराणसी के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए मारपीट कर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति और ससुर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।”
chandauli
7:53 PM, Aug 29, 2026
Share:


थाना सैयदराजा, चंदौली
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : अरविंद कुमार, सैयदराजा, चंदौली.
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के फेसुड़ा गांव में शुक्रवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी विवाहिता सोनाली (23) की शनिवार दोपहर वाराणसी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे पहले जिला अस्पताल लाया गया था, जहां से बीएचयू रेफर किया गया। बाद में परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
मृतका के पिता श्यामसुंदर प्रजापति ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज के लिए बेटी पर दबाव बनाता था। आरोप है कि शुक्रवार को पति, देवर और ससुर ने सोनाली के साथ मारपीट की और उसे आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी सोनाली को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।जानकारी के अनुसार सोनाली की शादी फरवरी 2026 में फेसुड़ा गांव निवासी विकास प्रजापति से हुई थी। विकास सैयदराजा बाजार में मिठाई की दुकान पर काम करता है।
विज्ञापन
ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना के बाद पुलिस ने पति और ससुर को हिरासत में लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
