Chandauli News: व्यापारी का सवा लाख रुपये से भरा बैग चोरी, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद.
"लोगों का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी न होने से अवांछनीय तत्वों में कानून का भय खत्म हो चुका है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में स्थायी पिकेट और गश्त बढ़ाने की मांग की है।"
chandauli
3:36 PM, Feb 4, 2026
Share:


बैग लेकर भागता नाबालिक उचक्का
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर (चंदौली).
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के डीडीयू नगर बाजार में उचक्कों की बढ़ती घटनाएं अब पुलिस के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही हैं। लगातार हो रही वारदातों से जहां पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं घटनाओं के शिकार लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ताजा मामला बुधवार का है, जब नगर के काली मंदिर के पास कटे-फटे नोट की दुकान से सवा लाख रुपये से भरा बैग उचक्का लेकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मार्केट में काली मंदिर के समीप व्यवसायी विश्वास जायसवाल सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। दुकान का काउंटर खोलने के दौरान उन्होंने रुपयों से भरा बैग काउंटर पर रखा था। इसी बीच लाल रंग की हुडी पहने एक नाबालिग उचक्का मौके पर पहुंचा और मौका पाकर बैग उठाकर आराम से चलते बना। कुछ ही देर बाद जब व्यापारी ने काउंटर पर बैग नहीं देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद व्यापारी खुद भी आसपास उचक्के की तलाश में जुट गया।
विज्ञापन
हालांकि काफी देर तक खोजबीन के बावजूद उचक्के का कोई सुराग नहीं लग सका। घटना के बाद व्यापारियों में रोष और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन गेट के सामने काली मंदिर के पास स्थित कस्बा चौकी की पिकेट हटने के बाद से इस क्षेत्र में चोरी, उचक्कागिरी और मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। लोगों का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी न होने से अवांछनीय तत्वों में कानून का भय खत्म हो चुका है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में स्थायी पिकेट और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
