Chandauli News: सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल मारपीट मामले में पांच पर नामजद मुकदमा दर्ज.
"अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, तहरीर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।"
chandauli
8:54 PM, May 29, 2026
Share:


मुकदमा दर्ज होने की जानकारी देते अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। समाजवादी पार्टी महिला विंग की जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल से घर में घुसकर मारपीट और हमला किए जाने के मामले में मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद वायरल हुए सीसीटीवी वीडियो और पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घायल गार्गी सिंह पटेल का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस को दी गई तहरीर में गार्गी सिंह पटेल ने आरोप लगाया है कि 28 मई की सुबह करीब नौ बजे वह अपने घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान उनके पुराने व्यावसायिक साझेदार प्यारे लाल यादव उर्फ मामा पहले घर पहुंचे और कुछ देर बाद उनके परिवार के सदस्य घर में घुस आए। आरोप है कि उर्मिला देवी, मनोज यादव, अमित यादव और मोनी यादव ने मिलकर गार्गी सिंह पटेल के साथ मारपीट की। तहरीर के अनुसार आरोपियों ने बाल पकड़कर घसीटा, लात-घूंसों और डंडों से हमला किया। इतना ही नहीं, गले की चेन, लॉकेट, कान की बाली और नाक की पिन छीनने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के दौरान घर में मौजूद छोटे बच्चों के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
विज्ञापन
पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि वाराणसी के रामनगर क्षेत्र निवासी सिद्धांत जायसवाल ने कुछ दिन पहले उन्हें धमकी दी थी। इसी आधार पर उन्हें इस पूरे घटनाक्रम में राजनीतिक साजिश की आशंका है। पुलिस ने सिद्धांत जायसवाल को भी मुकदमे में नामजद किया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया था। वीडियो में कई लोग महिला नेत्री के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है और विभिन्न दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। बताया जा रहा है कि नामजद प्यारे लाल यादव उर्फ मामा वाराणसी के काशी विद्यापीठ ब्लॉक में समाजवादी पार्टी से ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। मामला मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया गांव से जुड़ा है।
