Chandauli News: जहरीली गैस से तीन लोगों की मौत का मामला डीएम ने परिजनों को दिया हर संभव मदद का भरोसा.
“चंदौली के शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में बंद कुएं में समरसेबल पंप निकालने उतरे चार लोग जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी की चपेट में आकर तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और परिजनों को हर संभव सरकारी मदद का भरोसा दिया।”
chandauli
7:41 AM, Aug 23, 2026
Share:


मृतक जमाल, तौकीर, आलम कि फ़ाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : रतिश कुमार, शहाबगंज, चंदौली.
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में शनिवार को बंद कुएं में समरसेबल पंप निकालने उतरे चार लोगों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। कुएं के भीतर जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण चारों बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक व्यक्ति का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। डीएम ने परिवार को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि प्रथम दृष्टया कुएं में समरसेबल खराब होने के कारण एक ही परिवार के लोग उसे ठीक करने के लिए बारी-बारी से कुएं में उतरे थे। कुएं के अंदर ऑक्सीजन की कमी अथवा जहरीली गैस के कारण यह हादसा होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि जनपद में ढके हुए कुओं को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
विज्ञापन
डीएम ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं, जबकि हादसे में मूर्छित हुए एक व्यक्ति का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और सरकारी योजनाओं के माध्यम से मिलने वाली सुविधाएं उपलब्ध कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
