Chandauli News: टेम्पू की डिग्गी तोड़कर नकदी व मोबाइल चोरी, चालक ने दर्ज कराई शिकायत.
"टेम्पू चालक ने सकलडीहा कोतवाली पुलिस को सूचना देते हुए ऑनलाइन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।"
chandauli
7:09 PM, Jan 15, 2026
Share:


AI द्वारा निर्मित तस्वीर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा.
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पर गुरुवार दोपहर उस समय चोरी की घटना सामने आई, जब अज्ञात उच्चकों ने एक टेम्पू की डिग्गी तोड़कर उसमें रखी नकदी व मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित टेम्पू चालक ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए ऑनलाइन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, सकलडीहा कस्बा निवासी टेम्पू चालक रिंकू चौरसिया चंदौली से सवारी छोड़कर खाली टेम्पू लेकर घर लौट रहा था। भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर उसने रेलवे लाइन के पास स्थित एक लॉन के समीप टेम्पू खड़ा कर पान खाने के लिए लाइन पार चला गया। इसी दौरान ट्रेन आने से रेलवे फाटक बंद हो गया।
ट्रेन गुजरने के बाद जब फाटक खुला और चालक वापस टेम्पू के पास पहुंचा, तो देखा कि टेम्पू की डिग्गी टूटी हुई थी। जांच करने पर उसमें रखे किस्त के पांच हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन गायब मिले। चोरी की घटना से चालक परेशान हो गया और आसपास काफी खोजबीन व पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। घटना को लेकर टेम्पू चालक ने सकलडीहा कोतवाली पुलिस को सूचना देते हुए ऑनलाइन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विज्ञापन



