Chandauli News: भूसा में छिपाकर ले जाए जा रहे मवेशी, पिकअप पलटने के बाद खुला राज.
"सकलडीहा कोतवाल भूपेन्द्र निषाद ने बताया कि भूसा लदी गाड़ी पलटने की सूचना मिली थी। वाहन में एक गाय मिली है, जिसे पशुआश्रय केंद्र भेज दिया गया है। चालक वाहन लेकर फरार हो गया है। मामले की जांच की जा रही है।"
chandauli
6:54 PM, May 23, 2026
Share:


भोजापुर स्टेशन मार्ग पर टिकरवा गांव के समीप पलटी वाहन की पशुआहार और मवेशी को देखते हुए ग्रामीण
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा (चंदौली).
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र में भोजापुर रेलवे स्टेशन मार्ग पर शुक्रवार देर रात भूसा के नीचे छिपाकर ले जाए जा रहे मवेशियों से जुड़ा मामला सामने आया। टिकरवा गांव के समीप एक पिकअप वाहन सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया, जबकि भूसा और मवेशी मौके पर छोड़ दिए गए। शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार भोजापुर रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर टिकरवा गांव के पास सड़क किनारे गड्ढे में भूसा से ढकी एक गाय पड़ी मिली। ग्रामीणों ने जब नजदीक जाकर देखा तो मामला संदिग्ध लगा। लोगों का आरोप है कि भूसा की आड़ में मवेशियों की तस्करी की जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गाय को बाहर निकलवाया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से सुबह और रात के समय पशु तस्करों के वाहन अक्सर गुजरते हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से उनका मनोबल बढ़ा हुआ है। लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन सबकुछ जानते हुए भी अनजान बना हुआ है।
विज्ञापन
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल मवेशी को पपौरा पशुआश्रय केंद्र भेजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में भूपेन्द्र निषाद ने बताया कि भूसा लदी गाड़ी पलटने की सूचना मिली थी। वाहन में एक गाय मिली है, जिसे पशुआश्रय केंद्र भेज दिया गया है। चालक वाहन लेकर फरार हो गया है। मामले की जांच की जा रही है।



