Chandauli News: सीडीओ आर. जगत साईं का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सचिव व एडीओ पंचायत का वेतन रोका.
“मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने शनिवार को नौगढ़ और चकिया क्षेत्र में विकास परियोजनाओं और जनसुविधाओं का औचक निरीक्षण किया। निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।”
chandauli
7:56 AM, Aug 23, 2026
Share:


विकास कार्यों और विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते सीडीओ आर. जगत साईं
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने शनिवार को विकासखंड नौगढ़ और चकिया में विभिन्न विकास परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और जनसुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
नौगढ़ में नव-निर्मित आईटीआई भवन के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य पूरा पाया गया, लेकिन हैंडओवर की प्रक्रिया लंबित थी। सीडीओ ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर 10 से 15 दिनों के भीतर भवन हस्तांतरित कराने के निर्देश दिए। वहीं चकिया के गनेशपुर में निर्माणाधीन सीएम कम्पोजिट विद्यालय का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को मैनपावर बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने को कहा। भीषमपुर के कम्पोजिट विद्यालय में सीडीओ ने बच्चों से संवाद किया और कक्षा-1 के विद्यार्थियों को स्वयं गणित पढ़ाया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं और किचन शेड का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं आवश्यक सुविधाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए। डिजिटल लाइब्रेरी में फर्नीचर और कुछ पुस्तकें उपलब्ध मिलीं, जबकि शेष किताबें जल्द उपलब्ध कराने को कहा गया।
विज्ञापन
सीडीओ ने पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालय का भी निरीक्षण किया। पंचायत भवन में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी दर्ज मिली। सामुदायिक शौचालय की व्यवस्था संतोषजनक मिली और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार इसे संचालित रखने के निर्देश दिए गए। वहीं पशु अस्पताल के सामने कूड़े का ढेर मिलने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित ग्राम विकास अधिकारी (सचिव) और एडीओ पंचायत का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिदिन सफाई के लिए रोस्टर बनाने और एक सप्ताह तक सफाई की फोटो भेजने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान बीएसए सचिन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



