Chandauli News: क्लस्टर आवास निर्माण में सुस्ती पर सीडीओ सख्त, निरीक्षण में अधिकारियों को लगाई फटकार.
"सीडीओ ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, प्रत्येक आवास के चारों ओर बाउंड्री वॉल बनाने तथा पौधारोपण कराने के निर्देश दिए, ताकि आवासीय परिसर व्यवस्थित और हरित वातावरण वाला विकसित हो सके।"
chandauli
11:07 AM, Jul 15, 2026
Share:


मझगावां गांव में निर्माणाधीन क्लस्टर आवासों का निरीक्षण करते मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं.
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: लकी केसरी, नौगढ़, चंदौली.
चंदौली। नौगढ़ तहसील क्षेत्र के मझगावां गांव में निर्माणाधीन क्लस्टर आवासों का मंगलवार को निरीक्षण करने पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आर. जगत साईं ने कार्यों की धीमी प्रगति और मौके पर अपेक्षित गतिविधियां न मिलने पर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि निरीक्षण की सूचना मिलने पर ही काम शुरू कराया जाता है, जबकि बाकी दिनों में निर्माण कार्य ठप रहता है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को निर्माण में तेजी लाने और तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने बताया कि योजना के तहत कुल 113 क्लस्टर आवास स्वीकृत हैं, जिनमें से 65 आवासों पर निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने बीडीओ, पीडी और डीसी मनरेगा को निर्देशित किया कि जुलाई माह के अंत तक सभी स्वीकृत आवासों पर निर्माण कार्य शुरू हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास योजना गरीब और भूमिहीन परिवारों के सम्मान से जुड़ी योजना है, इसलिए गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मजदूरों और मिस्त्रियों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
विज्ञापन
सीडीओ ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, प्रत्येक आवास के चारों ओर बाउंड्री वॉल बनाने तथा पौधारोपण कराने के निर्देश दिए, ताकि आवासीय परिसर व्यवस्थित और हरित वातावरण वाला विकसित हो सके। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भूमिहीन 70 पात्र लोगों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह उर्फ सुड्डू सिंह, सहायक विकास अधिकारी उपेंद्र कुमार साहनी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ईश्वर प्रसाद सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
