Chandauli News: चंदौली पुलिस ने दीपावली पर लौटाई खुशियाँ, 111 लोगों के खोए मोबाइल ढूंढ़कर दिए वापस.
“चंदौली पुलिस ने तकनीकी माध्यमों और CEIR पोर्टल की मदद से 111 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 33.30 लाख रुपये बताई गई है। वर्ष 2026 में अब तक पुलिस कुल 630 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है।”
chandauli
10:45 AM, Nov 8, 2026
Share:


अपने खोए हुए मोबाइल को पाकर खुश दिखे मोबाइल धारक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। दीपावली के अवसर पर चंदौली पुलिस ने 111 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन लौटाकर खुशी की सौगात दी। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 33 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।
पुलिस के अनुसार जनसुनवाई के दौरान खोए मोबाइल से संबंधित मिले प्रार्थना पत्रों को संज्ञान में लेकर CEIR पोर्टल की मदद से उनकी तलाश शुरू की गई थी। विभिन्न थानों की पुलिस टीमों के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल ट्रेस कर अलग-अलग स्थानों से बरामद किए। इस बार सबसे अधिक 22 मोबाइल मुगलसराय, 19 सकलडीहा, 16 चंदौली और 12 चकिया थाना क्षेत्र की टीमों ने बरामद किए। इसके अलावा बबुरी से नौ, चकरघट्टा से सात, शहाबगंज से छह, धानापुर, धीना और कंदवा से चार-चार, इलिया और सैयदराजा से तीन-तीन तथा बलुआ और नौगढ़ से एक-एक मोबाइल बरामद हुआ।
विज्ञापन
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक छह चरणों में कुल 630 गुम या खोए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कुल कीमत करीब एक करोड़ 85 लाख 10 हजार रुपये है। मोबाइल बरामदगी में स्वाट प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा सहित स्वाट और सर्विलांस टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल खोने पर घबराने के बजाय तत्काल CEIR पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं और संबंधित थाने या पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र दें। साथ ही मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है, ताकि गुम होने की स्थिति में उसे ट्रेस करने में मदद मिल सके।


