Chandauli News: ट्रेन से बिछड़ी चंदौली की किशोरी बेंगलुरु में सकुशल मिली, जिला प्रोबेशन अधिकारी और ग्राम प्रधान के प्रयास सफल.
"जिला प्रोबेशन अधिकारी और ग्राम प्रधान डॉ. केशव मूर्ति ने विभिन्न विभागों और अधिकारियों से समन्वय कर किशोरी की खोज तेज कराई। उनके प्रयासों से वंदना का पता बेंगलुरु में चल गया और उसे सकुशल बरामद कर संरक्षण में लिया गया।"
chandauli
7:59 PM, Jul 9, 2026
Share:


Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया, चंदौली.
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के रामपुर कला गांव की रहने वाली एक किशोरी, जो बेंगलुरु से घर लौटते समय ट्रेन से बिछड़ गई थी, सकुशल बरामद हो गई है। जिला प्रोबेशन अधिकारी चंदौली और ग्राम प्रधान डॉ. केशव मूर्ति के सतत प्रयासों से किशोरी का पता बेंगलुरु में लगाया गया, जहां उसे सुरक्षित संरक्षण में लिया गया। किशोरी के मिलने की सूचना से परिजनों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, रामपुर कला निवासी संगीता अपने चार बच्चों के साथ 27 जून 2026 को बेंगलुरु के एसएमवीटी रेलवे स्टेशन से पाटलिपुत्र एक्सप्रेस द्वारा चंदौली लौट रही थीं। रास्ते में अरसीकेरे रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान उनकी बेटी वंदना शौचालय जाने के लिए ट्रेन से उतरी, लेकिन ट्रेन चलने से वह दोबारा उसमें सवार नहीं हो सकी। परिवार के चकिया पहुंचने के बाद 1 जुलाई को चकिया कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की।
विज्ञापन
मामले की जानकारी मिलने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी और ग्राम प्रधान डॉ. केशव मूर्ति ने विभिन्न विभागों और अधिकारियों से समन्वय कर किशोरी की खोज तेज कराई। उनके प्रयासों से वंदना का पता बेंगलुरु में चल गया और उसे सकुशल बरामद कर संरक्षण में लिया गया। अब आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। परिजनों ने जिला प्रशासन, पुलिस और सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
