Chandauli News: तेज आंधी और मूसलाधार बारिश से अफरा-तफरी, जनजीवन अस्त-व्यस्त.
"आंधी का असर ग्रामीण इलाकों में खेती-किसानी पर भी देखने को मिला। किसानों ने खेतों में रखी फसल और भूसा भीगने से नुकसान की आशंका जताई है। वहीं तेज हवा के कारण आम की फसल को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है।"
chandauli
8:43 PM, May 13, 2026
Share:


तेज आंधी की चपेट में आकर सड़क पर टूटकर गिरा पेड़ जाम में फंसे राहगीर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: रतीश कुमार, शहाबगंज, (चंदौली).
चंदौली। शहाबगंज ब्लॉक क्षेत्र में बुधवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। शाम करीब छह बजे आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। सड़क पर चल रहे राहगीर सुरक्षित स्थान तलाशते नजर आए, जबकि बाजारों में भी अफरातफरी की स्थिति बन गई।
तेज आंधी के चलते कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों और टीनशेड वाले घरों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है। कई दुकानदारों ने जल्दबाजी में दुकानें बंद कर दीं और बाजार में रखा सामान बचाने में जुट गए। बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। बाइक सवार और पैदल चलने वाले लोग भीगते हुए अपने घरों की ओर जाते दिखाई दिए। तेज हवाओं के कारण बिजली के तार और पेड़ों की शाखाएं हिलने लगीं, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका जताई गई।
विज्ञापन
तेज आंधी के कारण बिजली के तार टूटने से कई गांवों और कस्बाई इलाकों में बिजली गुल होने की सूचना मिल रही थी।आंधी का असर ग्रामीण इलाकों में खेती-किसानी पर भी देखने को मिला। किसानों ने खेतों में रखी फसल और भूसा भीगने से नुकसान की आशंका जताई है। वहीं तेज हवा के कारण आम की फसल को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है।
