Chandauli News: लगातार चोरियों से भड़के ग्रामीण, रात में थाने पहुंचकर किया प्रदर्शन, पुलिस की कार्यशैली पर सवाल.
“धानापुर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीण शुक्रवार रात थाने पहुंच गए। ग्रामीणों ने एक ही चोर के बार-बार घरों को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठाए और कार्रवाई की मांग की।”
chandauli
10:27 PM, Sep 26, 2026
Share:


धानापुर थाने में प्रदर्शन करते आक्रोशित लोग
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले चार दिनों से एक ही चोर क्षेत्र के कई घरों को निशाना बना रहा है, लेकिन पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक गुरुवार रात भी चोर को पकड़ने के लिए दौड़ाया गया था, लेकिन वह साइकिल और जूते मौके पर छोड़कर भाग निकला। शुक्रवार दोपहर ग्रामीणों ने दोनों सामान पुलिस को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे उसी चोर ने धानापुर कस्बे के खजूरहिया निवासी स्वर्गीय केदार के घर में घुसकर सो रही महिला के गले से चेन खोलने का प्रयास किया। महिला के जाग जाने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट और छेड़खानी की। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो आरोपी वहां से भाग निकला। लगातार दूसरी बार संदिग्ध की गतिविधि सामने आने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया और बड़ी संख्या में लोग रात में थाने पहुंच गए।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की। लोगों ने नरौली गांव के काली मंदिर से 20 किलो का घंटा और 14 चांदी की आंखें चोरी होने समेत पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का भी मुद्दा उठाया। ग्रामीणों का कहना है कि कई पुराने मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। नए थाना प्रभारी से लोगों को उम्मीद थी कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी, लेकिन लगातार घटनाओं से पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल का ध्यान क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की ओर आकृष्ट कराते हुए प्रभावी कार्रवाई और पुराने मामलों के शीघ्र खुलासे की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पुलिस ने समय रहते सख्ती नहीं बरती तो आने वाले दिनों में चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।



