Chandauli News: पावरलूम मशीन के नाम पर लाखों की ठगी, बैंक अधिकारियों व बिचौलियों पर मुकदमा.
“पावरलूम मशीन दिलाने के नाम पर एक महिला से लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक अधिकारियों और बिचौलियों ने साजिश के तहत ऋण की अधिकांश राशि हड़प ली, जबकि पीड़िता को न मशीन मिली और न पूरी धनराशि।”
chandauli
11:40 AM, Jul 24, 2026
Share:


पुलिस की गिरफ्त के आरोपी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में पावरलूम मशीन दिलाने के नाम पर एक महिला से लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्कालीन बैंक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर, बिचौलिया मनोज शर्मा, सोनी ट्रेडर्स सहित अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुलहीपुर निवासी रुकसाना बीबी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वर्ष 2013 से पुरानी पावरलूम मशीन पर काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। कारोबार बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से नई मशीन के लिए आवेदन किया। आरोप है कि बैंक में ऋण स्वीकृत कराने के नाम पर उनसे कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए और उनके नाम पर 9.50 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया गया। पीड़िता का कहना है कि स्वीकृत ऋण में से उन्हें केवल 2.90 लाख रुपये ही दिए गए, जबकि शेष राशि कथित रूप से हड़प ली गई। इतना ही नहीं, नई पावरलूम मशीन भी उपलब्ध नहीं कराई गई और उनसे लगातार ऋण की मासिक किस्त भी जमा कराई जाती रही। काफी समय बाद पूरे मामले की जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
विज्ञापन
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। इसी बीच चांदनी मार्केट क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के समझाने के बावजूद दो लोगों द्वारा हंगामा किए जाने पर उनके खिलाफ अलग से निरोधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में बैंक अधिकारियों, बिचौलियों और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।



