Chandauli News: MLC पद दिलाने के नाम पर 17.22 लाख की ठगी, अलीनगर पुलिस ने वांछित आरोपी को दबोचा.
“एमएलसी पद दिलाने का झांसा देकर 17.22 लाख रुपये की ठगी के मामले में अलीनगर पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। रुपये वापस मांगने पर पीड़िता को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।”
chandauli
7:42 PM, Aug 17, 2026
Share:


अलीनगर पुलिस के गिरफ्त में आरोपी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। एमएलसी पद दिलाने के नाम पर 17 लाख 22 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में अलीनगर पुलिस ने मंगलवार को वांछित आरोपी चंद्रबहादुर मौर्य (41) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी भदोही जनपद के पिपरी गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ अलीनगर थाने में धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था और वह लंबे समय से वांछित चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक अलीनगर क्षेत्र की महिला ने आरोप लगाया था कि चंद्रबहादुर मौर्य ने एमएलसी का पद दिलाने का झांसा देकर उससे अलग-अलग किस्तों में कुल 17.22 लाख रुपये ले लिए। बाद में पद नहीं मिलने पर जब महिला ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले में महिला की तहरीर पर 7 दिसंबर 2025 को अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विज्ञापन
प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार सुबह करीब 8:05 बजे गंजीप्रसाद तिराहे के आगे जीटीआर पुल की बायीं पटरी के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धोखाधड़ी, गबन, धमकी समेत अन्य धाराएं लगाई गई हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
